Skip to main content

"और अधिक पिता हो जाना"


लंबे समय से पिता को बीमारी ने घेर रखा है। उसने उन्हें सिकोड़कर एक कोने में पटक दिया है। वे उस कोने से ऊब चुके हैं, लेकिन वे अपनी आह किसी को नहीं सुनाते। शरीर के अलग-अलग हिस्सों में बीमारी ने अपनी कलाकारी कर रखी है| पिता पहले बहुत कम बोलते थे; हालाँकि जितना बोलते थे, उसमें दुनिया भर की उम्मीद झलकती थी।

बीमारी ने पिता को पुनर्जन्म दिया है। पिता कोने से रेंगते हुए दूर हो रहे हैं। वे बीमारी से रिहा नहीं हो सकते, लेकिन बंदिशों में बँधे होने के बावजूद आज़ाद कैसे रहा जा सकता है, इस पर शोध कर रहे हैं। वे स्वस्थ दिनों में बने तल्ख़ रिश्तों के सामने आलाप लगा रहे हैं। वे बीमारी को मात देने से ज़्यादा अपने भीतर बैठे अजीबोगरीब व्यक्ति को धराशायी करने निकले हैं।

पिता हर दिन नए नज़र आ रहे हैं — एक अजनबी की तरह, जिसमें कतई अजनबीयत नहीं होती।

पिता के पास बचपन के क़िस्से हैं। उनके कभी बच्चे होने का प्रमाण वे आजकल स्वयं प्रस्तुत कर रहे हैं। पिता अजीब लग रहे हैं; जो रेखाचित्र दिमाग में उजागर हो रहा है, वह कुछ अटपटा लग रहा है। अपने पिता को याद करते हुए वे किसी नन्हे बच्चे जैसे मालूम पड़ते हैं। पिता चहक रहे हैं, फुदक रहे हैं, और हम बार-बार ख़ुद को चुटकी नोचकर यकीन दिला रहे हैं कि यह कोई सपना नहीं, यथार्थ है। पिता का कभी बच्चा होना, ज़मीन में गड़े मुर्दे की तरह, बाहर आ रहा है।

बीमारी ने पिता को अथाह तकलीफ़ दी। अस्पताल के अनगिनत चक्कर लगे। हाथ दुआ में उठे तो उठे ही रहे। आँसू बहे तो रुके नहीं। और वे हर बार रणभूमि से विजयी लौटे। बीमारी ने बहुत कुछ छीना, लेकिन एक चीज़ हमें लौटाई, जो शायद सपने में भी नहीं मिलती—पिता का और अधिक पिता हो जाना। बीमारी ने हमें पिता लौटाए। पिता को हमारे नज़दीक और हमें पिता के बहुत नज़दीक लाकर खड़ा कर दिया। पुल ढह गया। परिवार बँध गया।

अब घर से भागने की इच्छा नहीं होती, बल्कि लौटने की इच्छा पनपती है। पिता दहलीज़ पर इंतज़ार करते मिलते हैं। वे चीखते नहीं, बल्कि समझाते हैं। घर की छत अब और भी पक्की हो गई है क्यूंकि पिता और अधिक पिता हो गए हैं। 

Comments

Popular posts from this blog

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...

"चुप्पियाँ"

अब मुझे चुप रहना अजीबो-ग़रीब लगने लगा है। सच कहूँ तो, यह अपनी अनुभव की गई भावनाओं के साथ धोखा करने जैसा है। हम अक्सर चुप रहने का यह कारण देकर खुद को सवालों की लंबी सुरंग में फँसने से बचा लेते हैं कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। लेकिन क्या सच में शब्दों का ब्रह्मांड इतना सीमित है? या फिर हम शब्दों की खोज में प्रयास करने से कतराते हैं? चुप्पी किसी सवाल का जवाब हो सकती है, लेकिन जब एक चुप्पी का जवाब दूसरी चुप्पी बनने लगे और फिर सैकड़ों चुप्पियाँ एक-दूसरे को धकेलती हुई हमारी ओर कुचलने के भाव से बढ़ें, तो क्या यह गहन शोध का विषय नहीं बन जाता? हम अनगिनत भाषाओं की हवा में साँस लेते हैं, लेकिन जब चुप्पी तोड़ने की बारी आती है, तो हम साँस रोक लेना अधिक उचित समझते हैं। दरअसल, हम चुप्पियों से भरे पुतले बन चुके हैं। हम स्पर्श करने में संकोच करते हैं, फिर भी जैसे-तैसे पहला क़दम बढ़ा लेते हैं, लेकिन जब बात चुप्पी के सिरों को खोलने की होती है, तो हम हज़ारों क़दम विपरीत दिशा में रखने में सहज होते हैं। शुरू में चुप्पियाँ आलाप के मानिंद लगती हैं, पर समय बीतने पर वो विलाप में परिवर्तित हो जाती...

"दिल और दिल्ली"

दिल्ली से लौटने पर कितनी ही बार  पाँवों  को इस दृढ़ता के साथ झटका कि अब कहीं जाकर दिल्ली की गति  पाँवों   से निकलकर धूल में ओझल हो जाएगी। लेकिन दिल्ली की गति न तो  पाँवों  का दामन छोड़ रही है, न ही विचारों की उथल-पुथल को बख़्श रही है। महज़ बीस दिनों का ही रिश्ता रहा दिल्ली से, लेकिन यह मुट्ठी भर दिन घर पर बिताए गए दो वर्षों पर भारी पड़ रहे हैं। बड़े शहरों की एक अपनी पकड़ होती है। आप जितनी दूर जाते हैं, उस शहर की पकड़ का अंदाज़ा उतना ही अधिक होता है। बड़ा शहर आपकी चाल-ढाल को तब ही पनपने देता है, जब उसके कंक्रीट के जंगल की हवा और आपके सपनों की साँस लेने की इच्छा के बीच कोई समन्वय बनता है। इन शहरों की अपनी एक गति होती है, और पाँव अनायास ही उस गति में रंग जाते हैं। "समय कितना हो रहा है?" — यह जानने के लिए आपको अपनी कलाई पर बंधी घड़ी देखने की आवश्यकता नहीं होती। किसी भी चेहरे को देखकर समय का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। मेट्रो में चढ़ते-उतरते हुए, छोटी जगहों की ख़ुशबू का भी आना-जाना लगा रहता है। किसी स्टेशन पर कोई सपना चढ़ता है और किसी पर दिनभर की थकान उतरती...