Skip to main content

"शापित गौरैया"





अम्मा रसोई की खिड़की से कहीं दूर दूसरी खिड़की पर आँखें टिकाए, निढाल काया में खड़ी हुई हैं। मेरी आँखें अक्सर उन्हें इस स्थिति में पकड़ती हैं। पूछने पर वही घिसा-पिटा जवाब मिलता है- "कहाँ, यहीं तो देख रही हूँ।" अम्मा को झूठ बोलना नहीं आता है, पर दुःख छुपाने में महारत हासिल है। अम्मा से मिला जीवन इन दिनों, अम्मा की रहस्यमय दुःखी दुनिया में घुसने के अवसर ढूँढ रहा है। क्या है वह और क्यों है, जो इतने सालों से अम्मा को शापित किए हुए है? अम्मा ऐसी तो नहीं थीं। वह चहकती, खिलखिलाती अम्मा हुआ करती थीं। दुःख आने पर दुःख पर हल्ला बोल देती थीं। वह कौन सा दुःख है जिसने अम्मा को पकड़ लिया है? हर गुज़रते साल के साथ वह दुःख उन्हें खोखला करता जा रहा है। अम्मा गौरैया होती जा रही हैं। मैं अपने जीवन से अम्मा को विलुप्त नहीं होने दे सकती।

आज सोचा कि मौक़ा मिलते ही सीधे तीर चला दूँगी, और चला दिया तीर। पूछ बैठी- "क्या कोई दुःख है?"

अम्मा- "दुःख और मुझे!"

(मुस्कुरा दीं)

मुझे बस उनकी फीकी मुस्कान ही नज़र आई।

अम्मा एक खुली किताब हुआ करती थीं, तब मुझे पढ़ना-लिखना नहीं आता था। उस दुःख के शाप के चलते वह बंद किताब हो गईं, लेकिन मैंने पढ़ना-लिखना सीख लिया। कभी-कभी मेरे भीतर बैठा शैतान, अम्मा को झकझोर देना चाहता है, ताकि उन्हें वापस लाया जा सके इस बहते जीवन में। वह पत्थर जिसने उन्हें जकड़ा हुआ है, उसे जीवन के बहाव से चूर-चूर करने का मन करता है। पर फिर अम्मा को निहारते हुए लगता है कि यह लोहे जैसी औरत को अपने ऊपर लगते ज़ंग पर कभी आश्चर्य नहीं होता है।

अम्मा कभी खाली नहीं मिलतीं। शायद खाली बैठने पर दुःख और हावी होने लगता है। उन्होंने उलझना बंद कर दिया है और चहकना भी। मुझे अम्मा को अब याद दिलाना पड़ता है, "अम्मा....अम्मा!" वह कभी-कभी मुस्कुराती हैं, शायद हमारे लिए। अपनी आँखों से वह चुपके से कहीं खो जाती हैं। दुःख किसी भी पहर उनके पास आ खड़ा होता है।

मुझे हर रोज़ महसूस हो रहा है कि गौरैया के धीमे-धीमे पंख कट रहे हैं। उसका ठिकाना अब आकाश से पाताल में बदल रहा है। अम्मा को साड़ियाँ पहनना बहुत पसंद था। अम्मा के पास इतनी साड़ियाँ हैं कि वह दुकान खोल सकती हैं। अब वह साड़ी नहीं पहनतीं। शायद उस दुःख ने उनकी साड़ियों पर भी नज़र लगा दी। अम्मा "इक़बाल बानो" की फैन हुआ करती थीं। ग़ज़लों में खोई रहती थीं। अब कहाँ खोई रहती हैं, कोई नहीं बता सकता। पर जिस अम्मा को मैं जानती हूँ, वह शायद किसी रोज़ काली साड़ी पहनकर शापित दुःख के सामने गुनगुनाने लगें, "हम देखेंगे.....लाज़िम है कि हम भी देखेंगे.....


~आमना 

Comments

  1. “अम्मा को झूठ बोलना नहीं आता हैं पर दुःख छुपाने में महारत हासिल करी हैं।” इस पंक्ति में दुनिया की हर मां की सहनशीलता छुपी हुई है।

    हमेशा की तरह बहुत सुंदर लिखा है आमना।

    ReplyDelete
    Replies
    1. Bilkul......Bahut shukriya 😊

      Delete
  2. I..can totally relate to it...or bht sunder likha h..🌸❤

    ReplyDelete
  3. "हम देखेंगे.....लाज़िम है कि हम भी देखेंगे....." ?

    ReplyDelete
  4. अच्छा लिखा हैं ! 🙂🍁

    ReplyDelete
  5. आज के दौर में हर कोई किसी न किसी दुख को छुपाए फिर रहा है, ऐसा कोई नही मिलता है जिसे वो अपना दुख बांट सके , अंदर ही अंदर सब अपने दुख के साथ समझौता कर लेते है। बस कोई नही मिलता जिसे कह सके अपने दिल की बात। इसी शापित गौरैया में अम्मा भी अपनी बेटी से कुछ साझा नही कर पा रही है। ये एकाकीपन हर जगह मौजूद है।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...

"चुप्पियाँ"

अब मुझे चुप रहना अजीबो-ग़रीब लगने लगा है। सच कहूँ तो, यह अपनी अनुभव की गई भावनाओं के साथ धोखा करने जैसा है। हम अक्सर चुप रहने का यह कारण देकर खुद को सवालों की लंबी सुरंग में फँसने से बचा लेते हैं कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। लेकिन क्या सच में शब्दों का ब्रह्मांड इतना सीमित है? या फिर हम शब्दों की खोज में प्रयास करने से कतराते हैं? चुप्पी किसी सवाल का जवाब हो सकती है, लेकिन जब एक चुप्पी का जवाब दूसरी चुप्पी बनने लगे और फिर सैकड़ों चुप्पियाँ एक-दूसरे को धकेलती हुई हमारी ओर कुचलने के भाव से बढ़ें, तो क्या यह गहन शोध का विषय नहीं बन जाता? हम अनगिनत भाषाओं की हवा में साँस लेते हैं, लेकिन जब चुप्पी तोड़ने की बारी आती है, तो हम साँस रोक लेना अधिक उचित समझते हैं। दरअसल, हम चुप्पियों से भरे पुतले बन चुके हैं। हम स्पर्श करने में संकोच करते हैं, फिर भी जैसे-तैसे पहला क़दम बढ़ा लेते हैं, लेकिन जब बात चुप्पी के सिरों को खोलने की होती है, तो हम हज़ारों क़दम विपरीत दिशा में रखने में सहज होते हैं। शुरू में चुप्पियाँ आलाप के मानिंद लगती हैं, पर समय बीतने पर वो विलाप में परिवर्तित हो जाती...

"पिता: नायक या खलनायक?"

  आँखों ने पिता के चेहरे से ज़्यादा उनके पांव की तस्वीर क़ैद की है।  कत्थई रंग की एक जोड़ी चप्पल, जिसकी उम्र पिता की उम्र के बराबर ही रही होगी, उसे सीढ़ी पर रखे हुए देखने में पिता के पांव की छाप साफ़ नज़र आती है। पिता झुक कर चलने लगे हैं, लेकिन सारी उम्र रीढ़ का महत्व बताते आए हैं। सीधे नहीं बैठने पर टोकते हैं और सीधे रास्ते पर चलने के लिए दाएं-बाएं चलते हुए बताते हैं। पहले फटकार देते थे। फिर भी हम ऊट-पटांग काम करने से पीछे नहीं हटते थे। पिता का रोकना-टोकना, जीवन जीने के आड़े आता रहा। हम भाई-बहनों ने अपने जीवन की फ़िल्म का खलनायक, पिता को अपनी छोटी-सी बैठकी में सार्वजनिक तरीके से घोषित कर दिया। हम सब ने संकल्प लिया कि करेंगे तो अपने मन का। पिता का ज़माना गुज़र गया, यह नया ज़माना है — हम जैसों का, जो हमारे सामने खड़ा है। पिता का अनुशासन तब तक ही है जब तक हम सब घर में हैं। घर से निकलते ही, हम पतंग बन जाएंगे। घर छूटा, पढ़ने निकले — पतंग तो क्या, कटी पतंग बन गए। फिर समझ आया, पतंग को आसमान में उड़ते रहने के लिए अनुभवी हाथों में उसकी डोर होनी चाहिए। जिस पिता को हम खलनायक मान बैठे थे...