Skip to main content

"हम खिल सकते हैं!"


एक दिन वे सब हमें छोड़कर चले जाएंगे जो हमें कभी नहीं छोड़ना चाहते हैं। तब हम अपने आप के साथ, दुनिया के किसी एक कोने में पड़े रहेंगे—लेकिन हम पड़े-पड़े सड़ेंगे नहीं और शायद खिलेंगे भी नहीं। छूट जाने को हम विश्वासघात नहीं, किसी विपदा की तरह देखेंगे। हम कुछ देर बाद उस कोने से उसी प्रेम के साथ उठेंगे जिसने हमें हर क्षण, जीवन की सुंदरता का अनुभव कराया और जीवन की क्रूरता को क्षणिक सिद्ध किया। कहाँ-कहाँ से हम छूटे और किस-किस को हमने छोड़ा, इससे बहुत आगे बढ़कर भी, प्रेम के प्रभाव में हम देखेंगे दूर तक कहीं पीछे। उन जगहों को हम दूर से देखकर, अपनी तय की हुई दूरी का अंदाज़ा लगाएंगे। और किसी भी दिशा से देखने पर न हम पीड़ित होंगे न दोषी और न ही वह क्षण।

किसी से विदा लेते या किसी को विदा करते हुए हमारे आँसू हमारी अनुमति के बिना ही बहने लगते हैं। हम आँसू छुपाने के लिए दायें-बायें देखते हैं, लेकिन हम उस समय, उस व्यक्ति के सिवा किसी को नहीं देखना चाहते। हम दर्ज़ करना चाहते हैं—छूटना और छोड़ना। छोड़ना और छूट जाना संभवतः इस कृत्रिम दुनिया की सबसे बड़ी वास्तविकता है। हम नियमित रूप से छूटते हैं और दूसरों को छोड़ते हैं। लेकिन जब हम वहाँ से छूटते हैं जहाँ से हमें छूट जाने का भय होता है—तब हम उस छूट जाने को किसी भी विपदा की परिभाषा में समेट नहीं पाते।

अगर जीवन में केवल एक कोना होता तो शायद हम पड़े-पड़े सड़ जाते लेकिन जीवन हमें अनगिनत कोनों से भेंट कराता हैं जहाँ हम खिल सकते हैं और कभी-कभी गिनती की विपदा पर हँसते-हँसते रो सकते हैं। 

~आमना 

Comments

Popular posts from this blog

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...

"चुप्पियाँ"

अब मुझे चुप रहना अजीबो-ग़रीब लगने लगा है। सच कहूँ तो, यह अपनी अनुभव की गई भावनाओं के साथ धोखा करने जैसा है। हम अक्सर चुप रहने का यह कारण देकर खुद को सवालों की लंबी सुरंग में फँसने से बचा लेते हैं कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। लेकिन क्या सच में शब्दों का ब्रह्मांड इतना सीमित है? या फिर हम शब्दों की खोज में प्रयास करने से कतराते हैं? चुप्पी किसी सवाल का जवाब हो सकती है, लेकिन जब एक चुप्पी का जवाब दूसरी चुप्पी बनने लगे और फिर सैकड़ों चुप्पियाँ एक-दूसरे को धकेलती हुई हमारी ओर कुचलने के भाव से बढ़ें, तो क्या यह गहन शोध का विषय नहीं बन जाता? हम अनगिनत भाषाओं की हवा में साँस लेते हैं, लेकिन जब चुप्पी तोड़ने की बारी आती है, तो हम साँस रोक लेना अधिक उचित समझते हैं। दरअसल, हम चुप्पियों से भरे पुतले बन चुके हैं। हम स्पर्श करने में संकोच करते हैं, फिर भी जैसे-तैसे पहला क़दम बढ़ा लेते हैं, लेकिन जब बात चुप्पी के सिरों को खोलने की होती है, तो हम हज़ारों क़दम विपरीत दिशा में रखने में सहज होते हैं। शुरू में चुप्पियाँ आलाप के मानिंद लगती हैं, पर समय बीतने पर वो विलाप में परिवर्तित हो जाती...

"दिल और दिल्ली"

दिल्ली से लौटने पर कितनी ही बार  पाँवों  को इस दृढ़ता के साथ झटका कि अब कहीं जाकर दिल्ली की गति  पाँवों   से निकलकर धूल में ओझल हो जाएगी। लेकिन दिल्ली की गति न तो  पाँवों  का दामन छोड़ रही है, न ही विचारों की उथल-पुथल को बख़्श रही है। महज़ बीस दिनों का ही रिश्ता रहा दिल्ली से, लेकिन यह मुट्ठी भर दिन घर पर बिताए गए दो वर्षों पर भारी पड़ रहे हैं। बड़े शहरों की एक अपनी पकड़ होती है। आप जितनी दूर जाते हैं, उस शहर की पकड़ का अंदाज़ा उतना ही अधिक होता है। बड़ा शहर आपकी चाल-ढाल को तब ही पनपने देता है, जब उसके कंक्रीट के जंगल की हवा और आपके सपनों की साँस लेने की इच्छा के बीच कोई समन्वय बनता है। इन शहरों की अपनी एक गति होती है, और पाँव अनायास ही उस गति में रंग जाते हैं। "समय कितना हो रहा है?" — यह जानने के लिए आपको अपनी कलाई पर बंधी घड़ी देखने की आवश्यकता नहीं होती। किसी भी चेहरे को देखकर समय का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। मेट्रो में चढ़ते-उतरते हुए, छोटी जगहों की ख़ुशबू का भी आना-जाना लगा रहता है। किसी स्टेशन पर कोई सपना चढ़ता है और किसी पर दिनभर की थकान उतरती...