Skip to main content

"पिता: नायक या खलनायक?"

 


आँखों ने पिता के चेहरे से ज़्यादा उनके पांव की तस्वीर क़ैद की है। कत्थई रंग की एक जोड़ी चप्पल, जिसकी उम्र पिता की उम्र के बराबर ही रही होगी, उसे सीढ़ी पर रखे हुए देखने में पिता के पांव की छाप साफ़ नज़र आती है। पिता झुक कर चलने लगे हैं, लेकिन सारी उम्र रीढ़ का महत्व बताते आए हैं। सीधे नहीं बैठने पर टोकते हैं और सीधे रास्ते पर चलने के लिए दाएं-बाएं चलते हुए बताते हैं।

पहले फटकार देते थे। फिर भी हम ऊट-पटांग काम करने से पीछे नहीं हटते थे। पिता का रोकना-टोकना, जीवन जीने के आड़े आता रहा। हम भाई-बहनों ने अपने जीवन की फ़िल्म का खलनायक, पिता को अपनी छोटी-सी बैठकी में सार्वजनिक तरीके से घोषित कर दिया। हम सब ने संकल्प लिया कि करेंगे तो अपने मन का। पिता का ज़माना गुज़र गया, यह नया ज़माना है — हम जैसों का, जो हमारे सामने खड़ा है। पिता का अनुशासन तब तक ही है जब तक हम सब घर में हैं। घर से निकलते ही, हम पतंग बन जाएंगे। घर छूटा, पढ़ने निकले — पतंग तो क्या, कटी पतंग बन गए। फिर समझ आया, पतंग को आसमान में उड़ते रहने के लिए अनुभवी हाथों में उसकी डोर होनी चाहिए। जिस पिता को हम खलनायक मान बैठे थे, वो तो वास्तव में नायक था। हाँ! गंभीर नायक — और शायद कठोर और क्रोधित भी।

पिता का ज़बरदस्ती भोर में उठाना और रात में जल्दी सोने पर ज़ोर देना — यह हमारी आज़ादी का हनन था। फिर बड़े होने पर, ख़ुद को जल्दी सोने और उठने के लिए रणनीति तैयार करते हुए पाया। फलाने-ढिमकाने दोस्तों की सोहबत पर उनका ऊंगली उठाना। हमें लगता था कि पिता ने ही दुनिया देखी है, सब कुछ केवल इन्हीं को मालूम है। और शायद हमारा भी मानना था कि पिता को कुछ नहीं मालूम। पिता ने अपना नज़रिया पेश किया और हमने अपना— लेकिन किसी ने एक-दूसरे की आँखों से देखने की कोशिश नहीं की। हमारी भाषाएँ एक थीं — लेकिन व्याकरण भिन्न। बहुत लंबे समय तक — पिता और हम बच्चे — रेल की पटरियों जैसे रहे। अस्तित्व एक-दूसरे से जुड़ा हुआ, लेकिन वास्तव में कोई जुड़ाव नहीं।

हाल-फिलहाल में पिता समझ में आने शुरू हुए। पिता ने बोलने से ज़्यादा सुनने में दिलचस्पी दिखाई। हमने भी अपने लड़खड़ाते शब्दों में मन का द्वार खोलने की पुरज़ोर कोशिश की। शुरुआत में चरमराहट की आवाज़ आई। समय लगा और आवाज़ ठहाकों में तब्दील हो गई। पिता हम में से लगने लगे। हम जैसी कहानी, उनकी भी रही। हमने पिता को ध्यान से देखना शुरू किया। नम आँखें दिखीं और दिखा एक छुपा हुआ सैलाब। इसी जनम के किसी दौर में हमने केवल क्रोध सुना था, सुर्ख लाल आँखें देखने की ज़ुर्रत हमने कभी नहीं की।

हम तो विपरीत छोर की तरफ बढ़ चले थे लेकिन बीमारी नामक पिशाच ने पिता पर हमला बोल दिया। जब धावा बोला तो लगा कि अब बस, किसी भी क्षण सब मिट्टी हो जाएगा। उम्मीद तब किसी प्रतीक्षा की कुर्सी पर बैठकर झूल रही थी। पिता का आत्मबल चरम पर रहा। दो सालों तक जूझने के बाद दूसरा जन्म मिला। इस अंतराल में माँ कुछ-कुछ पिता हो गई और शायद पिता का कुछ-कुछ माँ हो जाना तब शुरू हुआ। आज कई सालों बाद भी बीमारी ने पिता का साथ नहीं छोड़ा। अस्पताल के चक्कर आम से हो चुके हैं। हमने कई दफ़ा उम्मीद छोड़ी लेकिन बीमार पिता ने कभी जीवन का मोह नहीं छोड़ा। हम लोग जीवन की छोटी हारों के बाद, जीवन में कुछ नहीं बचा — मान लेते हैं। असल में साँसों का चलना सबसे बड़ी जीत है। अस्पताल में प्रवेश करते हुए लगता है कि लड़ाई केवल ज़िंदा बचने की है। उसके बाद तो व्यक्ति कुछ भी देख सकता है।

हमारा खलनायक अब हमारा दोस्त बन चुका है। शायद इसकी सबसे बड़ी वजह बीमारी ही रही है। मृत्यु के मुँह से निकलने के बाद और वापस जीवित होने तक के बीच — सोचने के लिए बहुत समय होता होगा... पश्चाताप के लिए, बदलाव के लिए। 

यह नया ज़माना, जितना हमारा है, उतना ही पिता का भी। दोनों इस ज़माने में, शुरू से सब कुछ फिर से शुरू कर रहे हैं। हमारी बैठकी में दुनिया-जहाँ सिमट आता है। हम अपने सीमित ज्ञान से पिता से बहस-मुबाहिसा करते हैं। पिता के खलनायक वाले दौर से हमने इत्तेफ़ाक़ रखना बंद कर दिया है। क्योंकि शायद अब इस उम्र में हम थोड़े पिता हो गए हैं और पिता थोड़े बच्चे।

~आमना 

Comments

  1. Shandaar bhut hi sundar likha h

    ReplyDelete
  2. बहुत प्यारा है बहन

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

"अकेलेपन से एकांत की ओर"

एक वक़्त बाद अकेलापन इतना अकेला महसूस होने लगता है मानो वहाँ हमारा होना भी एक भ्रम जैसा हो| ख़ुद से बात करने के लिए कुछ नहीं बचता| कुछ नया करने से पहले ही मन ऊब जाता है| अकेलापन चुभना शुरू कर देता है| हम खोजने लगते है एक ऐसी जगह जहाँ से सब कुछ इतना भरा हो कि हमें अकेलापन का पता ही न चले| अंततः हम व्यस्तता का हाथ थाम लेते है| (अकेलापन तब खलने लगता है जब हम अकेले होने का मूल्यांकन करना शुरू कर देते है|) फ़िलहाल मैं छत के एक कोने में बैठकर अपने आसपास की दुनिया को देख रहीं हूँ| कितनी अस्थिर है दुनिया| लगातार भाग रही है भीड़ से अकेलेपन की ओर और अकेलेपन से भीड़ की तरफ़| कुछ को कहीं-न-कहीं पहुँचने की जल्दी है और कुछ को कहीं लौटने में अभी देरी है| हालाँकि मुझे इस पल में ठहरे रहने का सुख, दूसरों के दुःखों को महसूस करके नहीं गवाना है|  आज पहाड़ काफ़ी साफ़ दिख रहे है| पंछी आसमान में लम्बी और ऊँची उड़ान भर रहे हैं| कितना सुख मिलता है प्रकृति के आश्चर्य से बार-बार आश्चर्यचकित होने में| एक ठंडी हवा का झोंका जैसे ही बदन छूता है वैसे ही एक सिहरन भीतर दौड़ लगाने लग जाती है| मैं भूल गयी थी कि अत...

"मृत घर और आवारा मकान"

जिस तरह से मृत्यु नहीं टाली जा सकती उस तरह से एक उम्र के बाद घर को छोड़ना नहीं टाला जा सकता है| और तब हमें केवल घर का पता याद रह जाता है| जीवन में हर तरह की यात्रा घर से प्रारम्भ होती है लेकिन दुर्भाग्य से किसी भी यात्रा का अंत घर पर नहीं होता है| जीवन गतिशील होता है और इसके विपरीत होता है ठहराव से भरपूर घर| घर उद्गम है जिसके पास लौटना असंभव है| (असंभव में एक तरह का शांत दिलासा है|) लम्बे समय तक घर मेरी चारों दिशाओं में रहा फिर समय बीत गया, अब किसी दिशा में मुझे घर नहीं मिलता| घर अब मकान में तब्दील हो चुका है फिर भी मैं कभी-कभार उस मकान में घर की गंध सूँघने जाती हूँ लेकिन चौखट लाँघते ही मुझे स्थिर मकान में दौड़ता घर दिखने लगता है| वह दौड़ता घर मुझे कुचल कर मकान की चौखट लाँघ कर कहीं खो जाता है| मैं घर को पकड़ने नहीं दौड़ती क्यूंकि अब दौड़ने का साहस मेरे भीतर नहीं बचा है|  आँगन में लगी तुलसी अब सूख चुकी है पर मेरी घर की खोज अभी भी वैसी ही है जैसे तुलसी के अवशेष की अपनी जगह| पिता की चारपाई के पाए अब कमज़ोर हो चुके है जैसे वह अपने आख़िरी दिनों में हो गए थे| माँ की अलमारी में दीमक लग चु...

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...