Skip to main content

"उदासियों का मौसम"


 

जैसे-जैसे जाड़े नज़दीक आने लगते हैं, वैसे-वैसे कुछ उदासियाँ गहरी नींद से उठकर हमारे बग़ल में आकर चुपचाप बैठने लगती हैं। उनका उद्देश्य हमें और उदास करना बिल्कुल भी नहीं होता। वे तो बस किसी बीते दौर में अपने होने का एहसास दिलाने आती हैं, और याद दिलाती हैं कि उदासियों से कहीं बड़ा है जीवन, और उनसे भी बड़े हैं हम।

वे ठंडी हवा की साँय-साँय में गर्मजोशी से हमारे साथ होती हैं — हमारी दूर तक पसरी हुई चुप्पी में हमें पुचकारती हुई। हमारे अतीत का चिट्ठा खोलकर यूँ बैठती हैं, मानो कोई यायावर बरसों बाद अपने घर लौटकर अपने कमरे का दरवाज़ा खोल रहा हो।

हमारे बिलखने से पहले ही वे हमें धकेल देती हैं उन जगहों पर, जहाँ लगभग तय था कि हम जूझ नहीं पाएँगे — लेकिन हम जूझे, और क्या ख़ूब जूझे।

अपनी चुप्पी तब अखरने लगती है, जब हाल-फिलहाल की उदासियाँ हमें अपना केंद्र मानकर, हमारी ही चुप्पी के साथ हमारे चारों ओर मंडराने लगें। ऐसा लगता है जैसे उन्हें पास खींचकर अपने साथ बिठा लिया जाए और दुनिया-जहान की बातें की जाएँ — ताकि हम दोनों एक-दूसरे की चुप्पी के शांत लेकिन गहरे वारों से बच सकें।

हर उदासी, अपने उद्गम से लेकर अंत तक, अपने आप में एक नाटक रचती है। हर बार, पूरी तन्मयता से, उदासियाँ वही नाटक दोहराती हैं — लेकिन हम ही ऊब चुके होते हैं। हमारा मन कुछ नया देखने को करता है, फिर भी हम बार-बार उन्हीं नाटकों की ओर लौटते हैं, और लगभग हर बार उनमें कुछ नया दिख ही जाता है।  

(भोगते हुए यह अंदाज़ा लगाना मुश्किल होता है कि कितना भोगा गया है — लेकिन दर्शक बनकर अपने भोगे की खिल्ली उड़ाना आसान लगता है।)

अभी तो जाड़ों की शुरुआत भर है, अभी तो उदासियों के साथ अलाव के इर्द-गिर्द बैठना, हँसना, और कोई गीत गुनगुनाना बाक़ी है लेकिन फ़िलहाल रफ़ी साहब और आशा जी की आवाज़ में....


अभी ना जाओ छोड़कर
के दिल अभी भरा नहीं
अभी ना जाओ छोड़कर...

अभी-अभी तो आई हो, अभी-अभी तो
अभी-अभी तो आई हो, बहार बन के छाई हो
हवा ज़रा महक तो ले, नज़र ज़रा बहक तो ले
ये शाम ढल तो ले ज़रा, ये दिल सम्भल तो ले ज़रा
मैं थोड़ी देर जी तो लूँ, नशे के घूँट पी तो लूँ
अभी तो कुछ कहा नहीं, अभी तो कुछ सुना नहीं
अभी ना जाओ छोड़कर...

सितारे झिलमिला उठे, चराग़ जगमगा उठे
बस अब न मुझको टोकना, न बढ़ के राह रोकना
अगर मैं रुक गई अभी, तो जा न पाऊँगी कभी
यही कहोगे तुम सदा, के दिल अभी नहीं भरा
जो खत्म हो किसी जगह, ये ऐसा सिलसिला नहीं
अभी नहीं, अभी नहीं, नहीं नहीं नहीं नहीं
अभी ना जाओ छोड़कर...


Comments

Post a Comment

Popular posts from this blog

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...

"चुप्पियाँ"

अब मुझे चुप रहना अजीबो-ग़रीब लगने लगा है। सच कहूँ तो, यह अपनी अनुभव की गई भावनाओं के साथ धोखा करने जैसा है। हम अक्सर चुप रहने का यह कारण देकर खुद को सवालों की लंबी सुरंग में फँसने से बचा लेते हैं कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। लेकिन क्या सच में शब्दों का ब्रह्मांड इतना सीमित है? या फिर हम शब्दों की खोज में प्रयास करने से कतराते हैं? चुप्पी किसी सवाल का जवाब हो सकती है, लेकिन जब एक चुप्पी का जवाब दूसरी चुप्पी बनने लगे और फिर सैकड़ों चुप्पियाँ एक-दूसरे को धकेलती हुई हमारी ओर कुचलने के भाव से बढ़ें, तो क्या यह गहन शोध का विषय नहीं बन जाता? हम अनगिनत भाषाओं की हवा में साँस लेते हैं, लेकिन जब चुप्पी तोड़ने की बारी आती है, तो हम साँस रोक लेना अधिक उचित समझते हैं। दरअसल, हम चुप्पियों से भरे पुतले बन चुके हैं। हम स्पर्श करने में संकोच करते हैं, फिर भी जैसे-तैसे पहला क़दम बढ़ा लेते हैं, लेकिन जब बात चुप्पी के सिरों को खोलने की होती है, तो हम हज़ारों क़दम विपरीत दिशा में रखने में सहज होते हैं। शुरू में चुप्पियाँ आलाप के मानिंद लगती हैं, पर समय बीतने पर वो विलाप में परिवर्तित हो जाती...

"दिल और दिल्ली"

दिल्ली से लौटने पर कितनी ही बार  पाँवों  को इस दृढ़ता के साथ झटका कि अब कहीं जाकर दिल्ली की गति  पाँवों   से निकलकर धूल में ओझल हो जाएगी। लेकिन दिल्ली की गति न तो  पाँवों  का दामन छोड़ रही है, न ही विचारों की उथल-पुथल को बख़्श रही है। महज़ बीस दिनों का ही रिश्ता रहा दिल्ली से, लेकिन यह मुट्ठी भर दिन घर पर बिताए गए दो वर्षों पर भारी पड़ रहे हैं। बड़े शहरों की एक अपनी पकड़ होती है। आप जितनी दूर जाते हैं, उस शहर की पकड़ का अंदाज़ा उतना ही अधिक होता है। बड़ा शहर आपकी चाल-ढाल को तब ही पनपने देता है, जब उसके कंक्रीट के जंगल की हवा और आपके सपनों की साँस लेने की इच्छा के बीच कोई समन्वय बनता है। इन शहरों की अपनी एक गति होती है, और पाँव अनायास ही उस गति में रंग जाते हैं। "समय कितना हो रहा है?" — यह जानने के लिए आपको अपनी कलाई पर बंधी घड़ी देखने की आवश्यकता नहीं होती। किसी भी चेहरे को देखकर समय का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। मेट्रो में चढ़ते-उतरते हुए, छोटी जगहों की ख़ुशबू का भी आना-जाना लगा रहता है। किसी स्टेशन पर कोई सपना चढ़ता है और किसी पर दिनभर की थकान उतरती...