Skip to main content

"घर की गंध"



मकान में प्रवेश करते ही घर की गंध सूंघने लग जाती हूँ। हर कोना, हर वो चीज़ जो शक के दायरे में होती हैं  उसकी जाँच-पड़ताल हर दिन, नए सिरे से होती है। कंक्रीट के जंगल में मैं अपनी गुफा ढूंढती रहती हूँ। एक कप चाय के साथ बालकनी में खड़ी होकर, ऊँची इमारतों की ऊँचाई का अंदाज़ा लगाती हूँ या फिर कभी गुज़रती हुई गाड़ियों को तब तक देखती हूँ जब तक वे दिखना नहीं बंद हो जातीं। लोगों के हाव-भाव ज़ेहन में क़ैद कर लेती हूँ ताकि उनकी कहानियों में घूम सकूं। चलते हुए, चलने से ज़्यादा रुकी हुई चीज़ों पर ध्यान देती हूँ। अपने बारे में कम से कम बात कर, दूसरों के बारे में ज़्यादा से ज़्यादा जानने में इच्छुक रहती हूँ। घर जैसे लोगों की उनके घर हो जाने की काल्पनिक कहानियां गढ़ती हूँ। अकेले में जीवन के घटनाक्रम को समझती हूँ। कोई सालों पुरानी हरकत सोच कर देर तक मुस्कुराती हूँ। लेकिन इतनी व्यस्तता के बाद भी मैं लगातार घर तलाशती हूँ। 


मैं यह गुत्थी आजतक नहीं सुलझा पायी कि, 'क्यों घर स्मृति मात्र रह जाता है?'  घर बोलते हुए, सोचते हुए और याद करते हुए; क्यों एक आँगन दिमाग़ में छलांगे लगाने लगता है?  चूल्हे से निकलता धुंआ नीले गगन में विलीन होता क्यों दिखने लगता है?  पुराने अख़बारों से बने टीले घर के एक कोने में क्यों आराम करते हुए मिलते हैं? दालान में लोगों की आवा-जाही और उनके ठहाके क्यों गूंजने लगते हैं? गली से निकलते हुए, चबूतरों पर बैठे जाने-पहचाने लोगों की भाव-भंगिमा क्यों आँखों के सामने आ कर ठहर जाती हैं? शाम को शोर मचाती हुई बच्चों की टोली कहाँ से इतना उत्साह लेकर आती है?  फेरीवालों की आवाज़ इतनी संगीतमय क्यों होती है? 


मैं स्मृतियों के सहारे बार-बार घर लौटती तो हूँ लेकिन मकान के पंजे अपनी पकड़ ढीली नहीं छोड़ते हैं। लोग-बाग को अक्सर यह कहते हुए सुना कि लोगों से घर होता है। ऐसा नहीं है कि इस मकान में लोग नहीं है, लोग तो हैं, ज़रूरत का सामान भी है पर घर नहीं है। इसीलिए मकान में घर की तलाश जारी रहती है। शायद मेरी तरह ही पिता और माँ ने भी घर को ढूंढा होगा उस मकान में जिसमें मेरी स्मृति का घर पनपा था।   


हमारी कहानियों का विस्तार घरों से शुरू होकर मकानों में सिमटकर ख़त्म हो जाता हैं। हमारा विस्थापन केवल एक शहर से दूसरे शहर नहीं होता है; घर से मकान की ओर भी होता है। फिर एक दिन अचानक से मकान के एक कोने से घर की गंध आनी शुरू हो जाती है। 


~आमना 

Comments

  1. अब घर नही मकान बनते हैं, घरों की गंध अब नही मिलती, एयर फ्रेशनर ने उसकी जगह ले ली है। सबको अपना मकान ऊंचा करना है, कोई छोटा नही रहना चाहता। आपने जो वर्णन किया है वो गुजरे जमाने की बात हो गयी है अब गांव में भी शहर घुस आया है।

    ReplyDelete
  2. विस्थापन और पहचान के जटिल पहलुओं का सुंदर एवं मार्मिक विश्लेषण ।

    ReplyDelete

Post a Comment

Popular posts from this blog

"पिता और काश"

  पिता से संवाद गिनती के रहे। डर का दायरा लम्बा-चौड़ा रहा। सवालों से पिता को ख़ूब परेशान किया। जब सवाल का जवाब ख़ुद ढूँढना शुरू किया तो पिता की रोक-टोक बीच में आने लगी। पिता भयानक लगने शुरू हो गए। पिता खटकने लगे।  पिता ने उँगली पकड़ कर चलना सिखाया और लड़खड़ाने पर थाम लिया। घर से बाहर की दुनिया की पहली झलक भी पिता ने दिखाई। मेले का सबसे बड़ा झूला भी झुलाया; खेत घुमाया, शहर घुमाया, रेल की यात्रा कराई। फिर दुनिया के कुएं में अकेले धकेल दिया। पिता उस गांव जैसे थे जहाँ से एक सपनों की पगडंडी शहर की सड़क से जा मिलती थी। मुझे भी वह पगडंडी भा गयी। अच्छे जीवन की महत्वाकांक्षा ने पहुँचा दिया, शहर। पिता से दूर, पिता के ऊल-जलूल उसूलों से दूर।  शहर की दुनिया, गांव में बसी पिता की दुनिया को दर-किनार करने लगी। समय बीता, और इतना बीत गया कि पिता पुराने जैसे नहीं रहे।  एक लम्बे-चौड़े व्यक्ति का शरीर ढल गया। चाल में लड़खड़ाना जुड़ गया। आवाज़ धीमी हो गयी। दुनिया के सारे कोने की समझ रखने वाला व्यक्ति, अब एक कोने में सिमट गया। पिता इन दिनों बच्चे जैसे हो गए। अपने कामों के लिए दूस...

"चुप्पियाँ"

अब मुझे चुप रहना अजीबो-ग़रीब लगने लगा है। सच कहूँ तो, यह अपनी अनुभव की गई भावनाओं के साथ धोखा करने जैसा है। हम अक्सर चुप रहने का यह कारण देकर खुद को सवालों की लंबी सुरंग में फँसने से बचा लेते हैं कि हमारे पास कहने के लिए शब्द नहीं हैं। लेकिन क्या सच में शब्दों का ब्रह्मांड इतना सीमित है? या फिर हम शब्दों की खोज में प्रयास करने से कतराते हैं? चुप्पी किसी सवाल का जवाब हो सकती है, लेकिन जब एक चुप्पी का जवाब दूसरी चुप्पी बनने लगे और फिर सैकड़ों चुप्पियाँ एक-दूसरे को धकेलती हुई हमारी ओर कुचलने के भाव से बढ़ें, तो क्या यह गहन शोध का विषय नहीं बन जाता? हम अनगिनत भाषाओं की हवा में साँस लेते हैं, लेकिन जब चुप्पी तोड़ने की बारी आती है, तो हम साँस रोक लेना अधिक उचित समझते हैं। दरअसल, हम चुप्पियों से भरे पुतले बन चुके हैं। हम स्पर्श करने में संकोच करते हैं, फिर भी जैसे-तैसे पहला क़दम बढ़ा लेते हैं, लेकिन जब बात चुप्पी के सिरों को खोलने की होती है, तो हम हज़ारों क़दम विपरीत दिशा में रखने में सहज होते हैं। शुरू में चुप्पियाँ आलाप के मानिंद लगती हैं, पर समय बीतने पर वो विलाप में परिवर्तित हो जाती...

"दिल और दिल्ली"

दिल्ली से लौटने पर कितनी ही बार  पाँवों  को इस दृढ़ता के साथ झटका कि अब कहीं जाकर दिल्ली की गति  पाँवों   से निकलकर धूल में ओझल हो जाएगी। लेकिन दिल्ली की गति न तो  पाँवों  का दामन छोड़ रही है, न ही विचारों की उथल-पुथल को बख़्श रही है। महज़ बीस दिनों का ही रिश्ता रहा दिल्ली से, लेकिन यह मुट्ठी भर दिन घर पर बिताए गए दो वर्षों पर भारी पड़ रहे हैं। बड़े शहरों की एक अपनी पकड़ होती है। आप जितनी दूर जाते हैं, उस शहर की पकड़ का अंदाज़ा उतना ही अधिक होता है। बड़ा शहर आपकी चाल-ढाल को तब ही पनपने देता है, जब उसके कंक्रीट के जंगल की हवा और आपके सपनों की साँस लेने की इच्छा के बीच कोई समन्वय बनता है। इन शहरों की अपनी एक गति होती है, और पाँव अनायास ही उस गति में रंग जाते हैं। "समय कितना हो रहा है?" — यह जानने के लिए आपको अपनी कलाई पर बंधी घड़ी देखने की आवश्यकता नहीं होती। किसी भी चेहरे को देखकर समय का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। मेट्रो में चढ़ते-उतरते हुए, छोटी जगहों की ख़ुशबू का भी आना-जाना लगा रहता है। किसी स्टेशन पर कोई सपना चढ़ता है और किसी पर दिनभर की थकान उतरती...