पिछले दो दिनों से मुस्तक़िल बारिश हो रही है। दो दिनों से चाँद बादलों में छुपकर बैठा है। ये दो दिन सर्दियों के आगमन का ऐलान कर रहे हैं। इन दो दिनों में घर छूट रहा है, इसका भी इल्हाम हो रहा है। चार दिन की ज़िंदगी में से दो दिन, इन दिनों घट रहे हैं। घर से निकलने के दिन भी क़रीब आ रहे हैं। खिड़की से बहती हवा में घुली यादें शीतल स्पर्श महसूस करा रही हैं और दरवाज़े से सितंबर प्रस्थान कर रहा है। उधर अक्टूबर शुरू हुआ, इधर ज़िंदगी में तब्दीलियाँ।
घर छूटने का ख़याल ही बेचैन कर देता है, और जब सचमुच वह वक़्त क़रीब आता है, तो बेचैनी की पराकाष्ठा महसूस होने लगती है। घर अजनबी-सा लगने लगता है। हर कोने, हर हिस्से को देखते हुए ऐसा लगता है मानो उन्हें पहली बार देख रहे हों। चारों ओर ख़ामोशी बिखरी होती है। बचपन आँगन में पड़ा हुआ मिल जाता है। फूल भी मुरझाए हुए नज़र आने लगते हैं, और अपने लोग आपकी अनुपस्थिति के लिए ख़ुद को तैयार करते दिखाई देते हैं।
आपका कमरा आपको कब्र के समान लगने लगता है। उसमें आपके बिताए हुए बरसों के सारे राज़ दफ़्न होते हैं—अकेलेपन में बिलखते हुए, दहाड़ मारकर हँसते हुए, ख़ुद को सँभालते हुए, ज़मीन पर लोटते हुए और किसी सपने के पीछे भागते हुए बिताए गए वे तमाम लम्हें। आख़िर में, आपको अपने कमरे से ख़ुद को घसीटकर बाहर निकालना पड़ता है। नई जगह पर पाँव पसारने पड़ते हैं। नए सिरे से रहना शुरू करना पड़ता है। उछलती हुई घर की यादों को बार-बार शांत कराना पड़ता है। यह सब कैसे होगा, मुझे नहीं मालूम, लेकिन इतना यक़ीन है कि सब हो जाएगा, अपने वक़्त पर।
अम्मा अलमारी खोलकर बैठी हुई हैं और छाँटबीन जारी है। कपड़ों और ज़रूरत की चीज़ों का अंबार लगा हुआ है। मुझे 2019 के दिन याद आ रहे हैं, तब पहली बार घर से निकलना हुआ था। लेकिन आज के दिन भी पहली बार घर से निकलने का एहसास हो रहा है। इंसान कहीं भी जाए, अपने हिस्से का घर वह हमेशा अपने भीतर पालता है। ख़ैर! अब बचे हुए दो दिन क्या-क्या आश्चर्य लाते हैं, इसका इंतज़ार रहेगा।
उम्र-ए-दराज़ माँग के लाई थी चार दिन,
दो आरज़ू में कट गए दो इंतिज़ार में।
~सीमाब अकबराबादी

Comments
Post a Comment